मुख्यमंत्री उदीयमान और प्रोत्साहन योजना की राशि नहीं हो पाई जारी
देहरादून। इस खेल सत्र में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना की धनराशि भी जारी नहीं हो पाई है। प्रदेशभर के खिलाड़ी दोनों योजनाओं के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का इंतजार कर रहे हैं।
दोनों ही योजनाएं अप्रैल माह से शुरू होती है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में प्रत्येक जिले से 300 खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। जिसमें 150 बालिकाएं और 150 बालक शामिल होते हैं। यह योजना 08 से 14 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए है, प्रत्येक खिलाड़ी को 1500 रुपये मासिक दिए जाते हैं।
इसी प्रकार खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना में 14 से 23 आयु के खिलाड़ियों को लाभान्वित किया जाता है। प्रत्येक जिले में 100 बालिका और 100 बालिक मिलाकर 200 खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। जिन्हें 2000-2000 हजार रुपये
मासिक प्रोत्साहन राशि के साथ 10 हजार रुपये सालाना एक मुश्त दिए जाते हैं। ताकि खिलाड़ी अपने लिए खेल उपकरण और जरूरी सामान खरीद सकें। लेकिन इस साल अगस्त माह शुरू होने के बाद भी खिलाड़ियों को धनराशि नहीं दी गई है। ऐसे में गरीब और मध्यम वर्ग के खिलाड़ियों को ज्यादा परेशानी हो रही है।
करीब एक करोड़ रुपये प्रति माह होते हैं वितरित
उदीयमान खिलाड़ी योजना में पूरे प्रदेश में हर साल 3900 और प्रोत्साहन योजना में 2600 खिलाड़ियों का चयन होता है। दोनों योजनाओं में प्रतिमाह एक करोड़ रुपये से अधिक धनराशि वितरित होती है। प्रोत्साहन योजना में अलग से 10 हजार रुपये एक मुश्त इससे अलग है। जिसके जारी होने का इंतजार है।



