पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से युवक की मौत
नैनीताल, 20 अगस्त 2025: बुधवार दोपहर नैनीताल के कैलाखान क्षेत्र में एक दुखद हादसे में भवाली निवासी एक युवक की पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ढुगाडी श्यामखेत, भवाली निवासी रमेश चन्द्र (पुत्र गिरीश चन्द्र) के रूप में हुई है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रमेश अपनी साली के साथ स्कूटी पर सवार होकर नैनीताल अस्पताल से इलाज करवाने के बाद भवाली लौट रहे थे। दोपहर के समय जब वे कैलाखान क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी अचानक पहाड़ी से एक भारी बोल्डर नीचे आ गिरा। यह बोल्डर सीधे रमेश के सिर पर जा लगा, जिससे दोनों स्कूटी से सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रमेश की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी साली को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। उनकी स्थिति अभी स्थिर बताई जा रही है।
रमेश की पारिवारिक स्थिति अत्यंत साधारण थी। वे चौकीदारी का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पीछे छोटे-छोटे बच्चे और परिवार छूट गया है, जिनके लिए यह हादसा एक बड़ा आघात है। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी।



