महेंद्र भट्ट बने उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बनाया यह रिकॉर्ड
देहरादून, 1 जुलाई 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष पद पर महेंद्र भट्ट को लगातार दूसरी बार चुना गया है। मंगलवार को प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के आठ सदस्यों के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। राष्ट्रीय परिषद के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट, माला राज्य लक्ष्मी शाह और कल्पना सैनी का चयन हुआ।
सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में महेंद्र भट्ट ने अपना नामांकन पत्र प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास को सौंपा। नामांकन प्रक्रिया में सह चुनाव अधिकारी पुष्कर काला, मीरा रतूड़ी, राकेश गिरी, दायित्वधारी ज्योति गैरोला, सुभाष बड़थ्वाल, कुलदीप कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने बताया कि भट्ट के नामांकन पत्र पांच सेटों में दाखिल किए गए, जिन पर 10 अलग-अलग प्रस्तावकों ने हस्ताक्षर किए। मुख्य प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा शामिल थे। अन्य प्रस्तावकों में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल, विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, विनोद कंडारी, राम सिंह कैड़ा, महंत दिलीप सिंह रावत और बृजभूषण गैरोला शामिल थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में भाजपा ने सभी चुनावों में जीत हासिल की और संगठन का विस्तार हुआ। सामान्य कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक की उनकी यात्रा में उनका व्यापक राजनीतिक अनुभव रहा है। उन्होंने सभी को साथ लेकर संगठन को गति प्रदान की।”
महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के पहले ऐसे अध्यक्ष बन गए हैं, जिन्हें लगातार दूसरी बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पार्टी के 10वें प्रदेश अध्यक्ष हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बनाया है।