अल्मोड़ा। नगर के कर्नाटकखोला में मंगलवार शाम तुन का एक विशालकाय पेड़ भरभराकर नेशनल हाईवे पर गिर गया। जिससे सड़क किनारे खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कोई चलता वाहन पेड़ की चपेट में नहीं आया। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
पेड़ गिरने की आवाज सुन आस पास में रहने वाले लोग अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल आए। जिसके बाद मौके पर हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लगा रहा। जिसमें कई लोग फंसे रहे।
सूचना के बाद फायर सर्विस की टीम और एनएच के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस टीम ने वुड कटर से पेड़ के तने को काटकर उसे सड़क से हटाया। जिसमें जनप्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों ने भी अपना सहयोग प्रदान किया।
अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि सूचना के बाद फायर सर्विस टीम को तत्काल घटनास्थल भेज दिया गया था। पेड़ को सड़क से हटा दिया गया है। पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी कार क्षतिग्रस्त कार हो गई।