मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धान रोपाई कर किसानों को किया नमन
खटीमा, 5 जुलाई 2025: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा के नगरा तराई क्षेत्र में अपने खेत में धान की रोपाई कर किसानों के परिश्रम, त्याग और समर्पण को नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेतों में उतरकर उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं।
मुख्यमंत्री ने किसानों को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि वे न केवल हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षक भी हैं। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत “हुड़किया बौल” के माध्यम से भूमि के देवता भूमियां, जल के देवता इंद्र और छाया के देवता मेघ की वंदना की।
मुख्यमंत्री का यह सांस्कृतिक जुड़ाव और किसानों के साथ आत्मीय सहभागिता क्षेत्रीय जनता के लिए प्रेरणादायी रहा। उनके इस कदम ने किसानों के प्रति सम्मान और उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर के प्रति गहरे लगाव को दर्शाया।