562 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र, मंत्री रेखा आर्या ने की सराहना
अल्मोड़ा, 18 जून 2025: बुधवार को अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम सभागार में आयोजित एक समारोह में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने जनपद में चयनित 562 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद को न केवल रोजगार का माध्यम, बल्कि समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने हाल ही में उत्तराखंड में 7052 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की है, जिसमें 6330 सहायिकाओं और 722 कार्यकत्रियों का चयन किया गया। अल्मोड़ा जनपद में 50 कार्यकत्रियों और 512 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि पहली बार यह भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन आयोजित की गई और इसे केवल तीन महीनों में पूरा किया गया।
मंत्री ने कहा कि विभाग में अब उच्च शिक्षित महिलाओं और युवतियों की नियुक्ति हो रही है, जिससे कार्यकुशलता और दक्षता में वृद्धि होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में शेष रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीतांबर प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, नगर मंडल अध्यक्ष विनीत, ललित तिवारी, महेंद्र बिष्ट, अशोक जलाल, विजय भंडारी, राहुल खोलिया, रिकी भट्ट सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।