08 06 2025 08kot 11 08062025 151

रास्ता विवाद में पोकलैंड चालक ने युवक को कुचलकर मार डाला, आरोपित फरार

रास्ता विवाद में पोकलैंड चालक ने युवक को कुचलकर मार डाला, आरोपित फरार

परिवार की रीढ़ था सुमन

कोटद्वार, 08 जून 2025: उत्तराखंड के कोटद्वार में रास्ता देने को लेकर हुए विवाद में एक पोकलैंड चालक ने 30 वर्षीय युवक सुमन की पोकलैंड के अगले हिस्से (बफेट) से कुचलकर नृशंस हत्या कर दी। घटना शनिवार रात गुमखाल-सतपुली मार्ग पर हुई। वारदात के बाद आरोपित चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

द्वारीखाल ब्लॉक के ग्राम नौसिन निवासी सुमन फोटोग्राफी का काम करता था और अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी पत्नी पूजा अपने पांच वर्षीय बेटे की बेहतर शिक्षा के लिए हरिद्वार में रहती है और वहां नौकरी करती है। सुमन गांव में रहकर अपने बीमार माता-पिता और दादी की देखभाल करता था। उसका छोटा भाई गुड़गांव में निजी कंपनी में कार्यरत है।

 

परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

 

सुमन की मां रेखा देवरानी ने बताया कि सुमन जब भी काम पर जाता था तो समय-समय पर घर फोन कर हाल-चाल पूछता रहता था। सुमन परिवार के सभी खर्चे उठाता था। उसके पिता बोलने और सुनने में अक्षम हैं। सुमन की दादी के लिए यह विश्वास करना मुश्किल है कि उनका लाडला अब इस दुनिया में नहीं रहा। 2019 में सुमन का विवाह हरिद्वार की पूजा के साथ हुआ था। वह अक्सर पत्नी और बेटे से मिलने हरिद्वार जाता था।

 

गांव में शोक की लहर

 

नौसिन गांव के लोग सुमन को एक मददगार और मिलनसार व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सुमन हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहता था। रात के दो बजे भी वह बीमार लोगों को अपनी मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाता था। उसकी अकस्मात मौत से पूरा गांव सदमे में है। बेस अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि सुमन गांव का चहेता था और उसकी कमी को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

 

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपित की तलाश में छापेमारी कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हत्यारे को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *