राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने किया जनपद का दौरा, दीदी की रसोई का शुभारंभ

अल्मोड़ा: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने किया जनपद का दौरा, दीदी की रसोई का शुभारंभ

 

अल्मोड़ा, 6 जून 2025: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह शुक्रवार को अल्मोड़ा जनपद के दौरे पर पहुंचे। सर्किट हाउस में उनके आगमन पर जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने उनका स्वागत किया।

 

राज्यपाल ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद के विकास, समस्याओं और समाधान पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने अधिकारियों को विकास और समृद्धि के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने एक पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से जनपद में चल रहे विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों, विशेष रूप से नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाइयों और अन्य गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।

 

राज्यपाल ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देकर लोगों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने नशीले पदार्थों की आपूर्ति करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अल्मोड़ा को नशा मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासों पर जोर दिया।

 

दीदी की रसोई का शुभारंभ

इसके पश्चात, राज्यपाल ने ‘दीदी की रसोई’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह चलती-फिरती कैंटीन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित की जाएगी, जिसमें भोजन, स्नैक्स और फास्ट फूड उपलब्ध होंगे। इस पहल को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम्य विकास विभाग और हिमोत्थान (रीप) परियोजना के सहयोग से वित्त पोषित किया गया है। इसका उद्देश्य गैर-कृषि गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं की आजीविका को बढ़ावा देना है।

 

राज्यपाल ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों की प्रशंसा की और इस पहल के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने इस प्रयास को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *